सोजत। राजकीय महाविद्यालय सोजत सिटी में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के तत्वावधान में आयोजित 24 दिवसीय कन्या आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के अंतिम सप्ताह के अंतर्गत छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के लिए विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सोजत के एडवोकेट मानवेन्द्र भाटी ने छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े विभिन्न कानूनों की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारी नीलू देवल ने बताया कि व्याख्यान के दौरान एडवोकेट मानवेन्द्र भाटी ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण संबंधी कानून, पॉक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा मातृत्व अवकाश जैसी महत्वपूर्ण कानूनी व्यवस्थाओं के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को महिलाओं के अधिकारों, सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा अधिकारों का उल्लंघन होने की स्थिति में उपलब्ध कानूनी उपायों के प्रति जागरूक किया।
भाटी ने छात्राओं को कानूनों की जानकारी रखने और आवश्यकता पड़ने पर अपने अधिकारों के लिए जागरूक होकर उचित कानूनी सहायता लेने के महत्व से भी अवगत कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के साथ-साथ कानूनी रूप से सशक्त बनाना और उनमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिविर प्रभारी सहित महाविद्यालय की समस्त शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक महिला सदस्य उपस्थित रहीं।


