सोजत। भारत विकास परिषद की सोजत शाखा के तत्वावधान में सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, विलाडिया गेट, सोजत में ‘भारत को जानो’ द्वितीय चरण की शाखा स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। कार्यक्रम अनोपसिंह लखावत (विकास मित्र), संरक्षक सोजत शाखा की अध्यक्षता, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपत सिंह सांखला के मुख्य आतिथ्य तथा प्रांतीय पर्यवेक्षक डॉ. रामस्वरूप भटनागर एवं शाखाध्यक्ष देवीलाल सांखला के सानिध्य में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय इतिहास, संस्कृति, धर्म, भूगोल और राजनीति से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का परिचय दिया।
विद्यार्थियों का ज्ञान और आत्मविश्वास सराहनीय : लखावत…
अध्यक्षीय उद्बोधन में अनोपसिंह लखावत ने कहा कि शिक्षा, संस्कृति, धार्मिक, भौगोलिक एवं राजनीतिक विषयों पर आधारित अनेक प्रश्नों के उत्तर बड़े-बड़े लोगों को भी नहीं मालूम होते, लेकिन विद्यार्थियों ने ‘भारत को जानो’ पुस्तक का अध्ययन कर व्यापक ज्ञान अर्जित किया और निर्भीकता के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। यह सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपत सिंह सांखला ने कहा कि भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की शिक्षा, संस्कृति और प्राचीन गौरव से परिचित होने का अवसर मिल रहा है। भारत की विशेषताओं पर आधारित ऐसे प्रश्न विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान को बढ़ाने के साथ भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी उपयोगी साबित होंगे।
प्रथम चरण में 2500 विद्यार्थियों ने लिया था भाग…
भारत विकास परिषद के ‘भारत को जानो’ प्रकल्प के तहत आयोजित प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में 12 विद्यालयों के लगभग 2500 विद्यार्थियों ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में भाग लिया था। इनमें प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के बीच द्वितीय चरण की शाखा स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग की 8 तथा वरिष्ठ वर्ग की 7 टीमों के कुल 30 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम…
प्रांतीय पर्यवेक्षक डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा परिणामों की घोषणा की।
कनिष्ठ वर्ग के परिणाम…
– प्रथम स्थान: गुलाब बाई मेहता माध्यमिक विद्यालय
– द्वितीय स्थान: न्यू मॉडर्न माध्यमिक विद्यालय
– तृतीय स्थान: आलोक विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय
वरिष्ठ वर्ग के परिणाम…
– प्रथम स्थान: स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, रेंदड़ी रोड, सोजत
– द्वितीय स्थान: श्री जैन गौतम गुरुकुल माध्यमिक विद्यालय
– तृतीय स्थान: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नंबर-1
शाखा स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दोनों वर्गों की टीमें आगामी 1 नवंबर को सुमेरपुर में आयोजित होने वाली प्रांतीय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। परिषद की ओर से इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
परिषद सदस्यों ने निभाई विभिन्न जिम्मेदारियां…
प्रतियोगिता के प्रकल्प प्रभारी करणसिंह मोयल ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी। शाखा सचिव पारसमल सिंघड़िया एवं सदस्य ओमप्रकाश वैष्णव ने टीमों को कोड नंबर आवंटित किए, जबकि टीमों के पंजीयन का कार्य ओमप्रकाश कच्छवाह ने संभाला।
प्रश्न मंच का संचालन क्विज मास्टर पारसमल सिंघड़िया, प्रकाश सोनी, पंकज सैन एवं ओमप्रकाश वैष्णव ने किया। टाइमकीपिंग की जिम्मेदारी शाखा कोषाध्यक्ष अंकुर बलाई ने निभाई तथा श्रवण उपाध्याय ने स्कोरर की भूमिका निभाई। सुरेश चन्द्र मेवाड़ा एवं आशा राजपुरोहित ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित…
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों एवं विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। परिषद की ओर से विद्यार्थियों, दल प्रभारियों एवं उपस्थित गणमान्यजनों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। परिषद सदस्यों सहित कुल 208 लोगों की उपस्थिति में प्रतियोगिता सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।
अंत में शाखाध्यक्ष देवीलाल सांखला ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, विद्यालय प्रभारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं परिषद सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।


