in

भीनमाल में बनेगा श्रीमाली समाज का बहुउद्देशीय सर्व गौरव पंच तीर्थ भवन,निर्माण में सहयोग का किया आह्वान।

सोजत। गुरु फूलनारायण आश्रम में दर्शन एवं सेवा के साथ श्रीमाली ब्राह्मण समाज के बहुउद्देशीय सर्व गौरव पंच तीर्थ भवन के निर्माण को लेकर समाजबंधुओं से सहयोग की अपील की गई। सर्व गौरव पंच तीर्थ भीनमाल समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय पुष्कर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विधु शेखर दवे तथा सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी एवं समिति के संगठन मंत्री ललित शर्मा ने सोजत प्रवास के दौरान विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लिया।

इस दौरान उन्होंने गुरु फूलनारायण आश्रम में आशुतोष महादेव, शंकराचार्य, हनुमान जी, गुरु फूलनारायण सहित अन्य गुरुओं की समाधियों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही आश्रम में गायों एवं पक्षियों के लिए अन्नदान कर सेवा कार्य किया। सोजत में एक सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत करने के साथ आराध्या देवी के दर्शन भी किए। इस अवसर पर उन्होंने नगर के गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर भीनमाल में प्रस्तावित सर्व गौरव पंच तीर्थ भवन की परिकल्पना, उद्देश्य एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

श्रीमाली समाज के लिए उपयोगी साबित होगा भवन…

समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विधु शेखर दवे ने कहा कि सर्व गौरव पंच तीर्थ भवन श्रीमाली ब्राह्मण समाज के सभी वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। देशभर से श्रीमाली ब्राह्मण परिवार अपनी गोत्रीय कुलदेवियों के दर्शन के लिए भीनमाल आते हैं। ऐसे में इस भवन के निर्माण से समाजबंधुओं को एक ही छत के नीचे आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों, सामाजिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न आयोजनों के संचालन में भी सुविधा मिलेगी।

समिति के संगठन मंत्री एवं सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी ललित शर्मा ने कहा कि भीनमाल श्रीमाली ब्राह्मण समाज का उद्गम स्थल है। यहां समाज की कुलदेवियां विराजमान हैं, जिनके दर्शन के लिए देश-विदेश में रहने वाले समाजबंधु आते हैं। श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सर्व गौरव पंच तीर्थ भवन की आवश्यकता महसूस की गई। इसी उद्देश्य से समाज के लोगों की सहमति से इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी उठाई गई है।

उन्होंने बताया कि भविष्य में यह भवन समाज के लिए बहुउद्देशीय केंद्र के रूप में उपयोगी सिद्ध होगा। यहां संस्कार शिक्षा, शैक्षणिक गतिविधियों तथा सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने की योजना है।

समाजबंधुओं से आगे आने का आह्वान…

समिति सदस्य हितेंद्र व्यास ने कहा कि समाजबंधुओं ने दूरदर्शिता के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना की पहल की है। इसे शीघ्र साकार करने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे इस पुनीत कार्य में आगे आकर अपना योगदान दें, ताकि भवन निर्माण की प्रक्रिया को गति मिल सके और आने वाली पीढ़ियों को इसका लाभ प्राप्त हो।

इस दौरान पुलिस कमिश्नरेट से सेवानिवृत्त ओमप्रकाश दवे, कैलाश दवे, भानुप्रकाश जोशी, जनार्दन दवे, धीरेन्द्र व्यास, अजय जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों से मुलाकात की गई। सभी से सर्व गौरव पंच तीर्थ भवन के निर्माण में सहयोग देने तथा इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सफल बनाने की अपील की गई।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: महिला सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी, एडवोकेट मानवेन्द्र भाटी ने छात्राओं को बताए कानूनी अधिकार।

सोजत: 11वीं शरीफ पर गौसे आजम की नियाज, 200 किलो दूध की खीर अकीदतमंदों में की तकसीम।