सोजत। शहर की हिम्मत नगर कॉलोनी में 11वीं शरीफ के मुबारक मौके पर सरकार गौसे आजम रहमतुल्लाह अलैह की नियाज (प्रसादी) का आयोजन अकीदत और एहतराम के साथ किया गया। इस अवसर पर सरकार गौसे आजम कमेटी की ओर से 200 किलो दूध की खीर तैयार कर अकीदतमंदों में तकसीम (वितरित) की गई।
कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत कर नियाज में हिस्सा लिया। इस दौरान आपसी भाईचारे, धार्मिक आस्था और सेवा भावना का माहौल नजर आया। कमेटी के सदस्यों एवं समाजबंधुओं ने पूरे इंतजाम को व्यवस्थित रूप से संभाला और नियाज वितरण में सहयोग किया।
इस नेक कार्य में कमेटी के जावेद खान, मुस्ताक खान, बुन्दू खां मिस्त्री, सलमान खान (सोनू), आमिर सोहेल, सोहेल खान, अरबाज खान एवं सोहेल खां राठौड़ सहित अन्य समाजबंधुओं ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
सरकार गौसे आजम की नियाज के इस आयोजन में अकीदतमंदों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी दिया गया।


