सोजत सिटी। अग्रवाल समाज की ओर से अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में आज रविवार, 11 अक्टूबर को स्थानीय माहेश्वरी भवन में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्रतिभा प्रोत्साहन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए विभिन्न रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा निराश्रितों के लिए भोजन सेवा भी की जाएगी। आयोजन को लेकर अग्रवाल समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सीए हरीश अग्रवाल और सहसचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 1:15 बजे महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी महालक्ष्मी के पूजन के साथ होगा। इस दौरान निर्धारित समय तक आयोजन स्थल पर पहुंचने वाले समाजबंधुओं को इनामी कूपन वितरित किए जाएंगे। दोपहर 1:30 बजे सभापति का मनोनयन किया जाएगा।
मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान…
महोत्सव में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए कक्षा तीन तक, कक्षा चार से आठ तक तथा कक्षा नौ एवं उससे ऊपर की अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। कक्षा तीन तक 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
बच्चों की प्रतिभा को मिलेगा मंच…
दोपहर 1:45 बजे एकल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें तीन से सात वर्ष तथा सात वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग श्रेणियां रहेंगी। दोपहर 3 बजे एकल गीत, भाषण एवं कविता प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अपराह्न 3:30 बजे अल्पाहार के बाद शाम 4 बजे फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी, जिसमें जन्म से पांच वर्ष तक तथा पांच वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
महिलाओं से लेकर पुरुषों तक के लिए होंगी प्रतियोगिताएं…
महोत्सव के तहत महिलाओं एवं छात्राओं के लिए शाम 5 बजे क्विक गेम तथा 5:30 बजे मोमबत्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, शाम 6 बजे पुरुषों के लिए चेयर रेस का आयोजन होगा। शाम 7 बजे पारितोषिक वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 7:30 बजे महाप्रसादी का आयोजन होगा।
समाज के पदाधिकारी जुटे तैयारियों में…
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संरक्षक सत्यनारायण गोयल, अध्यक्ष सीए हरीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, सचिव सुमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल, सहसचिव राजेश अग्रवाल सहित नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, मनोज बंसल, रोनक अग्रवाल, सौरभ गर्ग, लखन गोयल, ललित अग्रवाल, राजेश बंसल, अनुप बंसल, दीपक गर्ग, प्रभात अग्रवाल सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
अग्रसेन जयंती महोत्सव के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने, आपसी एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने तथा सेवा कार्यों के जरिए सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।


