in

सोजत के हिमांशु देवड़ा ने बॉक्सिंग में लहराया परचम, राज्य स्तर पर जीता कांस्य पदक।

सोजत सिटी। प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी खेल जगत में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। इसका उदाहरण नेहड़ा बेरा के प्रतिभावान छात्र हिमांशु देवड़ा ने पेश किया है। 70वीं राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिमांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 किलोग्राम भार वर्ग में चार बाउट जीतकर कांस्य पदक अपने नाम किया और राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

हिमांशु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेहड़ा बेरा का छात्र है। साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु के पिता राजू देवड़ा सीमित संसाधनों के बीच परिवार के भरण-पोषण के लिए कड़ा संघर्ष करते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद हिमांशु ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन को कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी ताकत बनाया। पिता के संघर्षों को प्रेरणा मानकर उसने बॉक्सिंग रिंग में शानदार प्रदर्शन किया और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया

अजमेर जिले के सरवाड़ में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिमांशु की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि सफलता संसाधनों की मोहताज नहीं, बल्कि मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की पहचान है। सरकारी विद्यालय में अध्ययन करते हुए राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करना हिमांशु की खेल प्रतिभा और कठिन परिश्रम का प्रमाण है। उसकी इस सफलता से विद्यालय परिवार, परिजनों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर सोजत सिटी पहुंचने पर हिमांशु देवड़ा का राजस्थानी परंपरा के अनुसार ढोल-धमाकों, साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने हिमांशु की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया।

स्वागत कार्यक्रम में धनपतराज टांक, कोच कुशाग्र गहलोत, चंद्रशेखर देवड़ा, मनीष शर्मा, संपतराज, श्याम त्रिवेदी, देवाराम परिहार, ज्ञानेंद्र गहलोत, नरपत सिंह दहिया और डॉ. महेश सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

क्षेत्रवासियों ने हिमांशु को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि हिमांशु भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: सेजल दरबार युवा मंडल की पहल, दशहरे के लिए बना रहे 25 फीट का रावण- बुराई पर अच्छाई की जीत का देंगे संदेश।

सोजत: जन्मदिवस को मानव सेवा के रूप में मनाएंगे भामाशाह महेंद्र राठौड़, टीम महेंद्र राठौड़ 13 अक्टूबर को रक्तदान शिविर का करेगी आयोजन।