धाकड़ी (पाली)। ग्राम पंचायत धाकड़ी में चोरों का खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात करीब 1 बजे जैन मोहल्ले में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस और प्रशासन को चुनौती देते हुए दो अलग-अलग मकानों को अपना निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुए चार चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार वारदात को अंजाम देने के लिए चार चोर मोहल्ले में दाखिल हुए थे, जिनमें से तीन चोरों ने मुंह पर चादर ओढ़ रखी थी, जबकि एक चोर का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है।
चोरों ने मंदिर की गली में स्थित महेंद्र चंपालाल जैन के मकान और जैन मंदिर के ठीक सामने स्थित तेजराज घेवरचंद जैन के मकान को अपना निशाना बनाया। दोनों मकानों में चोरों ने कुछ ही समय के भीतर सेंधमारी की और माल समेटकर रफूचक्कर हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
रात में ही घटना की जानकारी मिलते ही शिवपुरा पुलिस थाना अधिकारी (सीआई) दाऊद खान एवं एएसआई मोहनलाल अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर धाकड़ी पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी करवाकर चोरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
25 दिनों में दूसरी बड़ी वारदात से ग्रामीणों में रोष
जैन मोहल्ले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और जैन समुदाय में गहरा आक्रोश और डर का माहौल है। उल्लेखनीय है कि ठीक 25 दिन पहले इसी मोहल्ले में मीठालाल जैन के घर भी चोरों ने देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में पुलिस गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।


