सोजत सिटी। शहर की नन्ही प्रतिभा लविषा जोशी ने उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश से मुलाकात की। छोटी सी उम्र में बड़े सपने संजोए लविषा ने एसडीएम से अपने भविष्य के लक्ष्य को लेकर बातचीत की। लविषा का सपना आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना है।
मुलाकात के दौरान लविषा ने प्रशासनिक सेवाओं और अधिकारी बनने के अपने सपने को लेकर अपनी जिज्ञासा साझा की। एसडीएम रवि प्रकाश ने भी लविषा से बातचीत कर उसका उत्साहवर्धन किया तथा लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
लविषा के पिता एडवोकेट जितेंद्र जोशी और माता जिज्ञासा जोशी हैं। परिवार की ओर से भी लविषा के सपनों को पूरा करने के लिए उसे निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। नन्ही उम्र में आईएएस अधिकारी बनने का लक्ष्य तय कर आगे बढ़ रही लविषा की एसडीएम रवि प्रकाश से हुई मुलाकात सोजत शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
लविषा की यह मुलाकात उन बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो कम उम्र में ही अपने भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। बड़े सपने देखने की कोई उम्र नहीं होती, जरूरत होती है तो सिर्फ मेहनत, लगन और सही दिशा की।


