सोजत सिटी। शहर में रात्रि 11 बजे से सुबह 6 बजे तक राजस्थान रोडवेज की बसों का निर्धारित सोजत बस स्टैंड पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग को लेकर समाजसेवी प्रदीपराजसिंह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात्रिकालीन बसों का सोजत बस स्टैंड पर ठहराव अनिवार्य करने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में बताया कि नेशनल हाईवे संख्या-162 के निकट स्थित सोजत शहर के अनेक व्यापारी, छात्र-छात्राएं और नौकरीपेशा लोग प्रतिदिन सुबह जल्दी ब्यावर, पाली सहित आसपास के शहरों में आवागमन करते हैं। इसके अलावा सोजत विधानसभा क्षेत्र के आसपास के गांवों के ग्रामीण भी यात्रा के लिए राजस्थान रोडवेज की बसों पर निर्भर रहते हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के विभिन्न डिपो से संचालित होने वाली कई बसें रात्रि 11 बजे के बाद से सुबह 6 बजे तक सोजत के निर्धारित बस स्टैंड पर नहीं आतीं और नेशनल हाईवे से बाईपास होते हुए सीधे निकल जाती हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विशेषकर रात्रि के समय परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों, महिलाओं और बच्चों को हाईवे पर ही उतरना पड़ता है। वहां से शहर तक पहुंचने के लिए ऑटो रिक्शा या अन्य सार्वजनिक परिवहन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को सामान सहित पैदल शहर तक आना पड़ता है। ऐसे में सड़क दुर्घटना की आशंका के साथ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता बनी रहती है।
मुख्यमंत्री से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजस्थान रोडवेज की सभी संबंधित बसों का रात्रि 11 बजे से सुबह 6 बजे तक सोजत बस स्टैंड पर ठहराव सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग एवं रोडवेज प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि रात्रिकालीन यात्रियों को अनावश्यक परेशानी और अन्य संभावित दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।


