सोजत सिटी। शहर के चांदपोल गेट स्थित अंबेडकर सर्किल पर गुरुवार को संविधान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नागरिकों ने भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में देश को ऐसी संवैधानिक व्यवस्था प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार सुनिश्चित करती है।
उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता, समान अवसर और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए प्रासंगिक हैं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी शंकरलाल बामणिया, वरिष्ठ कवि जगदीश गहलोत, अंबेडकर शिक्षक संघ के जीतराम राणवा, श्रवण सांखला, सुरेन्द्र नवल, शिवलाल गहलोत, श्यामलाल, शिक्षक नेता सुगनचंद सिंघाडिया एवं कुलदीप सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।

