सोजत/सिरीयारी। सोमवार को सीरयारी स्थित महावीर मूक-बधिर विद्यालय दिव्यांग संस्थान में उस समय खुशियों का माहौल छा गया जब स्वामी विवेकानंद मार्ग, धोलीवाड़ी ढीरो का बास सोजत निवासी एवं हाल मुकाम बैंगलुरु खेड़ा अभिषेक टांक के चार वर्षीय पुत्र युवांश टांक का जन्म दिवस दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर युवांश के परिजनों ने विद्यालय में अध्ययनरत 54 मूक-बधिर एवं दिव्यांग बच्चों को नये वस्त्र, चरण पादुका, फल, बिस्किट, मिष्ठान एवं चॉकलेट वितरित किए। साथ ही स्वादिष्ट भोजन प्रसादी का भी आयोजन किया गया। नए वस्त्र एवं उपहार पाकर दिव्यांग बच्चों के चेहरे पर अपार खुशी झलक उठी।
संस्थान प्रबंधक मदन मेवाड़ा एवं ममता मेवाड़ा ने बताया कि विद्यालय में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए अलग से व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उन्हें सामान्य बच्चों जैसी अनुभूति हो सके। उन्होंने बताया कि समय-समय पर प्रवासी एवं मारवाड़ निवासी लोग अपने परिजनों के जन्म दिवस या विशेष अवसरों पर दिव्यांग बच्चों के बीच फल, मिष्ठान व उपहार वितरित कर खुशियां बांटते रहते हैं।
इस मौके पर श्रीमती शीला टांक, सुश्री महिमा टांक, श्रीमती कुसुम व्यास, मंजू व्यास सहित परिजनों एवं समाजबंधुओं ने भी बच्चों के बीच उपहार वितरण में सहयोग किया। कार्यक्रम का समापन सांयकालीन प्रार्थना सभा एवं आरती के बाद सामूहिक भोजन प्रसादी वितरण के साथ हुआ।


