पाली। जिले में पुलिस इन दिनों सख्त एक्शन मोड में नजर आ रही है। एसपी आदर्श सिधु के निर्देशन में जिलेभर में की गई तीन अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गुड़ा एंदला थाना पुलिस ने बस में विस्फोटक पटाखे ले जा रहे युवक को पकड़ा, सदर थाना पुलिस ने अफीम के दूध के साथ एक आरोपी को दबोचा, वहीं मारवाड़ जंक्शन थाना पुलिस ने मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बस में ले जा रहा था 6 कार्टन विस्फोटक पटाखे..
गुड़ा एंदला थाना पुलिस ने 14 अक्टूबर को गुंदोज के पास नाकाबंदी के दौरान एक निजी बस को रोका। तलाशी लेने पर बस में सवार नागौर जिले के जोधियासी निवासी 22 वर्षीय विक्रम सिंह पुत्र रणजीत सिंह के पास से 6 कार्टन विस्फोटक पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विस्फोटक सामग्री जब्त की।
950 ग्राम अफीम के दूध के साथ युवक गिरफ्तार..
पाली सदर थाना पुलिस ने 15 अक्टूबर को सोनाई मांझी टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान चित्तौड़गढ़ जिले के नांदोली निकुम्भ निवासी 32 वर्षीय नारायण पुत्र शांतिलाल को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गया। उसके बैग की तलाशी में 950 ग्राम अफीम का दूध मिला, जिसे वह अवैध रूप से लेकर जा रहा था। पुलिस ने अफीम का दूध जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।
मंदिर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, तीन वारदातें कबूलीं..
मारवाड़ जंक्शन थाना पुलिस ने चामुंडा माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए 46 वर्षीय राजेश उर्फ राजू पुत्र नारायण को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मंदिर से चुराए गए सोने-चांदी के गहने बरामद हुए हैं। आरोपी ने पूछताछ में 10 अक्टूबर को चामुंडा माता मंदिर, 4 अक्टूबर को खारची स्थित भैरूजी मंदिर और एक बंद मकान में चोरी करने की वारदातें कबूल की हैं।

एसपी सिधु ने टीमों की सराहना की..
एसपी आदर्श सिधु ने कहा कि जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस टीमों ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से तीनों मामलों में सराहनीय कार्य किया है।

