पाली। टीपी नगर थाना पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए की अवैध शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा है। आरोपी ट्रक में भरी काली चूरी के बॉक्सों के बीच पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के कार्टन छुपाकर ले जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, टीपी नगर थाना अधिकारी हनुवंत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नया गांव ओवरब्रिज के पास सोत की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोका। ट्रक को जब थाने लाकर जांच की गई तो चूरी के बॉक्स खाली करने पर उनके बीच बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां छिपी मिलीं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ट्रक में 300 से अधिक पेटियां पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की हो सकती हैं। पुलिस ने ट्रक चालक और उसके साथी युवक को हिरासत में लिया है।
एएसपी विपिन शर्मा ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में मामा-भांजा हैं और बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं। दोनों अवैध रूप से शराब को गुजरात ले जाने की फिराक में थे।
यह कार्रवाई एसपी आदर्श सिंधु के निर्देशन में की गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।


