पाली जिले के सोजत सिटी थाना क्षेत्र के बिलावास गांव में शादी के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। पीड़ित युवक से विवाह करवाने के नाम पर 2 लाख 80 हजार रुपए वसूल किए गए, लेकिन शादी के करीब एक महीने बाद दुल्हन भतीजे का जन्मदिन मनाने का बहाना बनाकर पीहर गई और फिर लौटी ही नहीं।
सोजत सिटी SHO देवेंद्र सिंह ने बताया कि बिलावास निवासी प्रकाश ने रिपोर्ट दी है कि सोजत सिटी निवासी शेराराम और घेवराराम 5 अक्टूबर 2024 को उसके परिवार से मिले। उन्होंने बताया कि एमपी के रतलाम जिले में उनके परिचित परिवार में एक लड़की है, जो विवाह योग्य है और प्रकाश के लिए उपयुक्त रहेगी।
लड़की देखने अजमेर गए
प्रकाश ने बताया कि 6 अक्टूबर को सभी लोग कार से अजमेर पहुंचे, जहां कविता नाम की लड़की और उसके परिजनों से मुलाकात करवाई गई। लड़की पसंद आने पर शादी के लिए सहमति दी गई। इसके बाद ढाई लाख रुपए शादी खर्च के नाम पर लिए गए।
7 अक्टूबर को दोनों की शादी करवाई गई और 500 रुपए के स्टांप पेपर पर लिखापढ़ी भी की गई।
भतीजे के जन्मदिन का बहाना बनाकर गई दुल्हन
प्रकाश ने बताया कि शादी के करीब एक महीने बाद कविता की भाभी का फोन आया कि उसके बेटे का जन्मदिन है, इसलिए कविता को अहमदाबाद भेजा जा रहा है, वह 10 दिन में लौट आएगी।
कविता घर से 30 हजार रुपए नकद और गहने पहनकर चली गई। कुछ दिन बाद जब प्रकाश ने संपर्क किया, तो पहले कहा गया कि “दो-तीन दिन में आ जाएगी”, लेकिन बाद में फोन उठाना ही बंद कर दिया।
सोजत सिटी के पुलिस थाने मे छह जनों पर मामला दर्ज करवाया गया है।


