सोजत। शहर में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवती के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। युवती अपनी छोटी बहन को स्कूल के पास संचालित आंगनबाड़ी में छोड़ने आई थी, तभी कार में आए बदमाश उसे जबरन उठाकर ले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने युवती को रुमाल से कोई पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसे जबरन कार में डालकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती को नदी की दिशा में ले गए।
घटना उस समय हुई जब पास के स्कूल में बच्चे पढ़ रहे थे। बच्चों ने पूरी वारदात देखी और तुरंत शिक्षकों को सूचना दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मौके पर सोजत सीओ रतनाराम देवासी और थाने के उपनिरीक्षक गोपालसिंह राठौड़ पुलिस जाप्ते के साथ पहुंचे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवती के अपहरण की पुष्टि हुई है। आरोपियों की तलाश के लिए पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है और संभावित मार्गों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के तुरंत बाद क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह भी फैल गई, जिससे अभिभावकों में दहशत फैल गई। कई अभिभावक जल्दबाजी में स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों की जानकारी ली। हालांकि जांच में स्पष्ट हुआ कि स्कूल से कोई बच्चा गायब नहीं है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।



