मेरठ (उत्तर प्रदेश)। शादी जैसे पवित्र रिश्ते को दहेज के लालच से कलंकित करने वालों को मेरठ के एक पिता ने ऐसा जवाब दिया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है। दूल्हे पक्ष की ओर से दहेज में थार गाड़ी की मांग किए जाने पर लड़की के पिता ने असली गाड़ी के बजाय प्लास्टिक की खिलौना थार थमाकर रिश्ता तोड़ दिया। उनका यह अनूठा विरोध अब दहेज प्रथा के खिलाफ एक मजबूत संदेश बन गया है।
जानकारी के अनुसार, मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव निवासी लड़के का रिश्ता करीब पांच महीने पहले परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव निवासी एक लड़की से तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत के बाद रिश्ता पक्का हो गया था। बताया जाता है कि करीब एक महीने पहले लड़की के पिता ने अपनी जमीन बेची थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद लड़के पक्ष की ओर से दहेज में थार गाड़ी की मांग की गई।
लड़की के पिता ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दूल्हे पक्ष के लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार शनिवार को लड़की के पिता ने रस्म के बहाने लड़के पक्ष के लोगों को अपने घर बुलाया और सुबह से रात तक थार गाड़ी का इंतजार करवाया। जब गाड़ी देने का समय आया तो उन्होंने प्लास्टिक की खिलौना थार दूल्हे के पिता के हाथ में थमा दी।
इस दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि आपको इंसान की जरूरत नहीं, बल्कि गाड़ी चाहिए थी। लीजिए अपनी थार और अब अपने घर जाइए, हमें यह रिश्ता मंजूर नहीं है। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दहेज नहीं, संस्कार और सम्मान है शादी की असली पहचान…
इस घटना ने समाज के सामने एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा किया है कि आखिर शादी जैसे पवित्र बंधन में धन-दौलत और गाड़ियों की मांग कब तक होती रहेगी? बेटी कोई सौदे की वस्तु नहीं, बल्कि परिवार का सम्मान और अनमोल धरोहर है। विवाह दो परिवारों और दो दिलों का मिलन है, न कि किसी की आर्थिक हैसियत परखने का बाजार।
दहेज में मांगी गई थार तो खिलौना निकली, लेकिन लड़की के पिता का स्वाभिमान असली निकला।
समाज को यह समझना होगा कि दहेज से भरी गाड़ी किसी परिवार को बड़ा नहीं बनाती, बल्कि बिना दहेज के बेटी को सम्मान देने वाला परिवार ही वास्तव में बड़ा होता है। दहेज मांगने वालों का बहिष्कार और बेटियों को सम्मान देने वालों का समर्थन ही इस कुप्रथा को समाप्त करने की दिशा में सबसे मजबूत कदम हो सकता है।
याद रखिए, बेटी बोझ नहीं, अभिमान है और शादी रिश्ता है, सौदा नहीं!

