सोजत/खोखरा। निकटवर्ती खोखरा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2026) के तहत मतदाता जागरूकता अभियान उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची की शुद्धता, नए नाम जोड़ने, सुधार तथा समावेशन की प्रक्रिया से अवगत करवाना था।
अभियान में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) कमर हुसैन शेख एवं अशोक कुमार ने उपस्थित विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाता सूची की सटीकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, ऑनलाइन पंजीकरण तथा मतदाता पहचान से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश विस्तृत रूप से समझाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर जितेंद्र राज टांक, चुनीलाल, मनीष कुमार, सुरेन्द्र कुमार, कैलाश दान, अंजू गुप्ता, प्रेमलता, रेखा, एनएसएस प्रभारी शंकरलाल सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
जिला सोशल मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह खोखरा ने बताया कि SIR-2026 कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को न केवल प्रक्रिया संबंधी जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रणाली में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित भी किया गया।
विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करेंगे तथा कम से कम दो अन्य पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने हेतु प्रेरित करेंगे। साथ ही वे बूथ लेवल अधिकारी के कार्य में सहयोग भी करेंगे।
अभियान का मुख्य संदेश “मतदाता बने, देश बढ़े” रहा, जिसके माध्यम से युवा पीढ़ी को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया गया।

