जयपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 19 नवम्बर को कोयम्बटूर में आयोजित ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किश्त राष्ट्रीय स्तर पर जारी करेंगे। इस तहत देश के 9 करोड़ किसानों को 18 हजार करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किए जाएंगे।
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने बताया कि राजस्थान के 66.62 लाख किसानों को कुल 1332.40 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2 हजार रुपये की किश्त जमा होगी।
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे, साथ ही राजस्थान के सभी जिलों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये तीन समान किश्तों में दिए जाते हैं। अब तक 20 किश्तों के माध्यम से 3.91 लाख करोड़ रुपये देशभर के किसानों के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।
कृषकों को अतिरिक्त सहयोग देने के लिए राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भी लागू है, जिसके तहत पीएम किसान के पात्र किसानों को हर वर्ष 3 हजार रुपये अतिरिक्त प्रदान किए जा रहे हैं।


