पाली। शहर के केरिया दरवाजा क्षेत्र में स्थित एक होलसेल आटा-तेल व्यवसायी की दुकान से मुनीम द्वारा 1 लाख 75 हजार रुपए चोरी करने का मामला सामने आया है। सेठ की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर रुपए चुराने वाले आरोपी मुनीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली थाने के एएसआई हेमाराम ने बताया कि व्यापारी सोहनलाल पुत्र आशाराम, निवासी केरिया दरवाजा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके यहां अशोक (35) पुत्र मदनलाल, निवासी बजरंगबाड़ी, 17 मार्च 2025 से मुनीम का काम कर रहा था।
टॉयलेट जाने का मौका देखकर की चोरी..
रिपोर्ट के अनुसार, 23 मार्च 2025 की दोपहर व्यापारी टॉयलेट करने गोदाम से कुछ दूरी पर गए थे। इसी दौरान अशोक ने बैग में रखे 1 लाख 75 हजार रुपए चोरी कर लिए।
व्यापारी को जब घटना का शक हुआ और उन्होंने फोन पर अशोक से पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार भी कर लिया और कुछ दिनों में रुपए लौटाने की बात कही, लेकिन रकम वापस नहीं की।
मामला दर्ज होने पर कार्रवाई..
राशि न लौटाने पर व्यापारी ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने तलाश शुरू की और मंगलवार शाम आरोपी मुनीम अशोक को गिरफ्तार कर लिया।
बाद में उसे मेडिकल जांच के लिए बांगड़ अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।

