सोजत। शहंशाह-ए-सोजत हजरत नुरशाह बाबा रह.अ. का 53वां उर्स मुबारक आज पूरे श्रद्धाभाव, धूमधाम और रूहानी माहौल के बीच मनाया जाएगा। उर्स को लेकर दरगाह शरीफ में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पूरा परिसर आकर्षक रोशनी और सजावट से चमक रहा है।
आज दोपहर बाद पीर साहब की पोल से चादर का जुलूस रवाना होगा, जो सोजत के मुख्य बाजार से होता हुआ जैतारणिया गेट से होते हुए दरगाह शरीफ पहुँचेगा। दरगाह पहुँचने पर चादर शरीफ पेश कर गुलपोशी कि जाएगी।
उर्स के अवसर पर सोजत ही नहीं बल्कि आसपास के कस्बों और गाँवों से भारी संख्या में अकीदतमंद दरगाह पहुँचेंगे और हजरत नुरशाह बाबा रह.अ. की बारगाह में अपनी अकीदत के फूल पेश कर दुआएँ माँगेंगे।
उर्स में मेहमान-ए-खास और सरपरस्त के रूप में पीर सैय्यद वाजिद अली साहब शिरकत करेंगे। रात में शानदार कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के प्रसिद्ध कव्वाल नुसरत कादरी अपने सुरीले कलाम से महफ़िल को रूहानी रंगत देंगे।
उर्स की तैयारियों में दरगाह कमेटी के सदर साकिर राजा सिलावट, कैशियर अकबर पठान, सेक्रेट्री मोहसिन अली सैयद, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष इंसाफ ख़ान नेताजी, यासीन भाई अंसारी सहित पूरी कमेटी पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ जुटी हुई है।
उर्स के चलते सोजत मुस्लिम मौहल्लों में रौनक और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।

