पाली जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक बाइक से मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान खोड गांव के पास सामने से आ रही एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसा इतना तेज था कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही खोड गांव निवासी गिरधारी (46) पुत्र वालाराम और श्रवण (38) पुत्र ताराराम की मौत हो गई।
वहीं चांगवा गांव (खोड) निवासी भेराराम पुत्र रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पहले बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक होने पर उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया।
गुड़ा एंदला थाना SHO शिव नारायण ने बताया कि तीनों युवक सुबह काम पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार निजी बस ने सामने से टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।


