पाली। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार को शहर सहित पूरे जिले के शिव मंदिर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर नजर आए। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और हर ओर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।

शहर के प्रमुख शिव मंदिरों — लाखोटिया महादेव मंदिर और सोमनाथ महादेव मंदिर — में भोलेनाथ के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं जिले के निम्बोकानाथ महादेव मंदिर, परशुराम महादेव मंदिर और ओंकार शिव मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा।

251 किलो फूलों से किया गया भव्य शृंगार…
सोमनाथ महादेव मंदिर में इस बार खास आकर्षण रहा भगवान शिव का दिव्य शृंगार। दिल्ली, मुंबई और पुणे से मंगवाए गए 251 किलो ताजे फूलों से मंदिर को सजाया गया, जिससे पूरा परिसर फूलों की खुशबू और रंगों से महक उठा। दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। इसके साथ ही मंदिर प्रबंधन द्वारा 351 किलो प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
लाखोटिया महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि को लेकर विशेष सजावट की गई। रंग-बिरंगी लाइटिंग, पुष्प सज्जा और आकर्षक झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया।

रुद्राभिषेक और जलाभिषेक का दौर
सोमनाथ महादेव मंदिर में सुबह की आरती के बाद रुद्राभिषेक किया गया। शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भोलेनाथ को प्रसाद का भोग लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विश्व का अनोखा ‘ॐ’ आकार शिव मंदिर भी रहा आकर्षण…
पाली के जाडन क्षेत्र में स्थित विश्व का एकमात्र ‘ॐ’ आकार का शिव मंदिर भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां भी सुबह से ही दर्शन के लिए लोगों का आना-जाना शुरू हो गया।

युवाओं में दिखा अलग उत्साह…
शिवालयों में बड़ी संख्या में युवा फोटो और सेल्फी लेते नजर आए। सोशल मीडिया पर भी महाशिवरात्रि ट्रेंड करती दिखी। सैकड़ों युवाओं ने भगवान शिव के भजनों पर रील बनाकर सोशल प्लेटफॉर्म पर शेयर कीं।
जिलेभर में रही भक्तों की भीड़..
परशुराम महादेव, निम्बोकानाथ, धारेश्वर महादेव सहित जिले के अन्य शिव मंदिरों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। कई श्रद्धालुओं ने महाशिवरात्रि पर निराहार व्रत रखकर शिवभक्ति का विशेष रूप से पालन किया।
महाशिवरात्रि पर पाली जिला पूरी तरह शिवमय नजर आया, जहां श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

