पाली। औद्योगिक नगर थाने में एक महिला सरकारी कर्मचारी ने NSUI के जिलाध्यक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया, फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और करीब 30 लाख रुपए हड़प लिए। शुक्रवार को दर्ज हुई इस रिपोर्ट मे आरोपी की मां और भाई को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोल्ड ड्रिंक पिलाकर किया रेप: पीड़िता…
औद्योगिक नगर थाना SHO सुमेरदान के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2023 में उसे मकान की जरूरत थी, तब उसकी मुलाकात आरोपी से हुई। वह उसके फ्लैट में किराए पर रहने लगी। इसी दौरान आरोपी और उसका परिवार उसके साथ आत्मीयता से मिलने-जुलने लगा।
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि 3 जुलाई 2025 को वह फ्लैट पर अकेली थी। इस दौरान आरोपी उसे सांत्वना देते हुए बाजार से कोल्ड ड्रिंक व स्नैक्स लाया। कोल्ड ड्रिंक पीते ही वह बेहोश हो गई। तभी आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फोटो-वीडियो बना लिए। बाद में उसने शादी का भरोसा देकर मामले को दबाया।
सहमति से भी कई बार बनाए संबंध…
पीड़िता का कहना है कि शादी के भरोसे वह आरोपी पर विश्वास करती रही और दोनों कई शहरों में साथ घूमे। इस दौरान दोनों में कई बार सहमति से संबंध भी बने। आरोपी ने अपने परिवार से भी परिचय करवाया, जिससे पीड़िता को लगा कि वह गंभीर है और शादी करेगा, इसी कारण उसने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई।
30 लाख रुपए हड़पने का आरोप…
रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि उसने अपना एक प्लॉट 14 लाख रुपए में बेचा था, जिसकी जानकारी आरोपी को थी। विश्वास में लेकर उसने पीड़िता से ये रुपए ले लिए। इसके अलावा कई बार आवश्यकता बताकर उससे लोन के जरिए भी रुपए लिए। कुल मिलाकर आरोपी 30 लाख रुपए ले चुका था।
फरवरी 2025 में सामाजिक कार्यक्रम का बहाना बनाकर उसने पीड़िता से फ्लैट भी खाली करवा लिया।
दूसरी लड़की के साथ देखकर हुआ विवाद…
एक दिन पीड़िता ने आरोपी को दूसरी लड़की के साथ देख लिया, जिस पर दोनों में झगड़ा हुआ। आरोप है कि आरोपी ने कहा— “जो करना है कर लो, न तो शादी करूंगा और न ही 30 लाख रुपए वापस दूंगा।”
इसके बाद पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई और डिप्रेशन में चली गई। अंततः उसने पुलिस में मामला दर्ज करवाया।
आरोपी ने बताए आरोप झूठे…
इस मामले में NSUI जिला अध्यक्ष ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह ठेकेदार है और पार्किंग के ठेके को लेकर महिला उससे कमीशन की मांग कर रही थी। जब उसने कमीशन नहीं दिया तो महिला ने झूठा केस दर्ज करवाया।
आरोपी ने कहा— “मुझे न्यायालय पर पूरा भरोसा है। जांच में सब सच सामने आ जाएगा।”

