पाली। नागा संत महंत नरेंद्र गिरी की याद में बांगड़ हॉस्पिटल परिसर में श्री वल्लालेश्वर प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया है।

यह प्रतीक्षालय श्री सिद्धपीठ गजानन मंदिर, नागा बाबा बगेची पाली के कारवारी महंत सुरेश गिरी की प्रेरणा से तैयार हुआ है।
नए वेटिंग रूम में मरीजों और परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 6 पंखे, 10 बेंच, LED टीवी, वॉटर कूलर, तथा महिला और पुरुषों के लिए अलग–अलग शौचालय बनाए गए हैं। गर्मी और भीड़ को देखते हुए यह प्रतीक्षालय हॉस्पिटल में आने वाले लोगों को बड़ी राहत देगा।
रविवार सुबह होगा लोकार्पण….
प्रतीक्षालय का उद्घाटन रविवार सुबह जिला कलेक्टर एल. एन. मंत्री, हॉस्पिटल अधीक्षक कैलाश परिहार, और मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल दिलीप सिंह द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर संत महंत चंचल गिरी, नारायण गिरी, रामगिरी, कन्या गिरी, महाकाल गिरी, मंडलेश्वर सहजानंद गिरी, तथा महंत ब्रह्मचारी संत सहित कई संतगण मौजूद रहेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सुविधा से अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर आराम और सहूलियत मिलेगी।


