जयपुर में शुक्रवार सुबह लगभग 10:15 बजे राजस्थान हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार की ईमेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल पहुंचा।

ईमेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और कुछ ही मिनटों में पूरे हाईकोर्ट परिसर को खाली करवाया गया। सभी अदालतों की कार्यवाही तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गई।
सूचना पर पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली।
हाईकोर्ट के आसपास गुजरने वाले लोगों और वाहनों की भी कड़ी चेकिंग की गई। करीब एक घंटे तक चली तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

धमकी भरे मेल में तमिलनाडु के थिरुपरनकुंद्रम मामले का जिक्र करते हुए लिखा गया था कि भाजपा शासित राज्यों की अदालतों में ऐसे धमाके किए जाएंगे। इससे पहले गुरुवार को अजमेर दरगाह और कलेक्ट्रेट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। वहीं, करीब एक महीने पहले जयपुर हाईकोर्ट को भी इसी तरह धमकी मिल चुकी है।
पुलिस ईमेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर जांच में जुट गई है।


