डेगाना (नागौर)। राजस्थान के नागौर जिले के डेगाना कस्बे में गुरुवार को सर्राफा बाजार में एक बेहद चौंकाने और अनोखी घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को हैरान कर दिया। यहां एक कबूतर ज्वैलरी दुकान से करीब 7 ग्राम सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई जा रही है।

घटना सर्राफा बाजार स्थित रामेश्वर प्लाजा की है, जहां ज्वैलरी की दुकान के ऊपर बनी कार्यशाला में कारीगर सामीन बंगाली सोने की चेन बनाने का काम कर रहा था। दोपहर करीब 12 बजे खिड़की के पास कुछ कबूतर आकर बैठे, तभी अचानक एक कबूतर तैयार चेन को चोंच में दबाकर उड़ गया और पास की छत पर जा बैठा।

जैसे ही घटना की जानकारी फैली, बाजार में हड़कंप मच गया। आसपास के व्यापारी और दुकानदार तुरंत सतर्क हो गए और कबूतर को पकड़ने के लिए छतों पर दौड़ पड़े। काफी देर तक पीछा करने के बाद कबूतर उड़ गया, लेकिन सौभाग्य से उड़ान भरते समय उसके मुंह से चेन छूटकर छत पर गिर गई, जिसे बाद में सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि सोने के बढ़ते दामों के चलते सुरक्षा को लेकर पहले से सतर्कता बरती जा रही है, लेकिन इस तरह की घटना उन्होंने पहली बार देखी है। दिनभर यह अनोखी घटना डेगाना शहर में चर्चा का विषय बनी रही।
लोग मजाक में कहने लगे – अब तो चोर भी पंख वाले हो गए हैं!

