पाली/चाणोद। पाली जिले के चाणोद गांव में खेत पर काम करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। 50 वर्षीय किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सीने की एक तरफ की 12 में से 8 पसलियां टूट गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चाणोद निवासी जेठाराम (50) पुत्र उदाराम गुरुवार दोपहर अपने खेत में काम कर रहे थे। वे ट्रैक्टर-ट्रॉली में खड़े होकर फसल भर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे ट्रॉली के लोहे के डाले से सीने के बल टकराते हुए नीचे जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बांगड़ अस्पताल रेफर कर दिया।
एक्स-रे में सामने आई गंभीर चोट…
अस्पताल में जांच और एक्स-रे के दौरान सामने आया कि किसान की सीने की एक तरफ की 8 पसलियों में फ्रैक्चर है। चोट के कारण सीने में खून भी जमा हो गया था। डॉक्टरों की टीम ने सावधानीपूर्वक सीने में नली डालकर जमा हुआ खून बाहर निकाला। फिलहाल मरीज को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
डेढ़ महीने में जुड़ेंगी पसलियां…
बांगड़ अस्पताल के डॉ. सुखदेव चौधरी ने बताया कि सीने की हड्डियां हृदय और फेफड़ों जैसे महत्वपूर्ण अंगों की सुरक्षा करती हैं और सांस लेने में अहम भूमिका निभाती हैं। इस प्रकार की चोट में सामान्यतः ऑपरेशन की जरूरत नहीं होती, बल्कि मरीज को स्थिर रखकर उपचार किया जाता है। उन्होंने बताया कि टूटी हुई पसलियों को जुड़ने में कम से कम 45 दिन का समय लगेगा।


