पाली। शहर के केशव नगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात चोर एक बार फिर स्कूल में घुस गए और लगातार तीसरी बार चोरी की घटना को अंजाम दे डाला।

जानकारी के अनुसार चोरों ने प्रिंसिपल रूम की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा वॉटर कूलर, कॉपियां, साफे, कुर्सी और पानी की मोटर चोरी कर ले गए।

मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
स्कूल प्रिंसिपल पुष्पेंद्र आढ़ा की सूचना पर ASI जगदीशचंद्र मय जाप्ता पहुंचे और मौके का मुआयना कर जांच शुरू की।
चोर स्कूल से कंप्यूटर भी उठा ले गए थे, लेकिन संभवतः जल्दबाजी में उसे स्कूल के सामने झाड़ियों में ही छोड़कर फरार हो गए।
वहीं, स्कूल में लगी बड़ी एलईडी को भी चोर नहीं ले जा सके और वह क्लासरूम में ही चालू हालत में मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी की इस वारदात के पीछे नशे के आदी युवकों का हाथ हो सकता है, जो नशे के लिए रुपए जुटाने के मकसद से ऐसी घटनाएं कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है
बाउंड्री के अंदर नशा किया जाता है
स्कूल प्रिंसिपल ने बताया कि यह तीसरी बार है जब स्कूल में चोरी हुई है, लेकिन पहले की दोनों घटनाओं का अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है।


