पाली। जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती अपने ही जीजा के झांसे में आकर उसके साथ चली गई, जहां आरोपी ने उसके साथ कई महीनों तक दुष्कर्म किया। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई और सोमवार को उसने एक बच्चे को जन्म दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पढ़ाई का झांसा देकर हैदराबाद ले गया…
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी 25 मई 2025 को अपने ससुराल गांव आया था। इस दौरान उसने अपनी छोटी साली को बड़े शहर में पढ़ाई करवाने का लालच दिया। झांसे में आकर युवती उसके साथ हैदराबाद चली गई, जहां आरोपी काम करता था।
शुरुआत में मामला सामान्य लग रहा था, लेकिन बाद में युवती ने गंभीर आरोप लगाए।
6 महीने तक किया दुष्कर्म, बनी गर्भवती…
पीड़िता का आरोप है कि हैदराबाद में आरोपी ने उसके साथ करीब 5-6 महीनों तक कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह गर्भवती हो गई।
इतना ही नहीं, आरोपी अक्सर उसके साथ मारपीट भी करता था। करीब दो महीने पहले नशे की हालत में मारपीट से परेशान होकर युवती 7 फरवरी 2026 को वहां से भागकर अपने घर लौट आई।
पत्नी को ताने देकर किया अपमानित…
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की शादी 17 जून 2022 को पाली जिले की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी को लगातार अपमानित करता था।
आरोपी पत्नी से कहता था— “तुम काली हो, मुझे पसंद नहीं हो। मैं पढ़ी-लिखी और सुंदर लड़की लाऊंगा।”
परेशान होकर उसकी पत्नी कुछ समय बाद अपने पीहर चली गई थी।
पहले पुलिस के सामने साथ जाने की जताई इच्छा..
जब युवती के परिवार ने शिकायत की, तो पुलिस दोनों को थाने लेकर आई थी। उस समय युवती ने अपनी मर्जी से जीजा के साथ जाने की बात कही, जिसके बाद पुलिस ने उसे उसके साथ भेज दिया।
हालांकि बाद में सामने आया कि उसके साथ धोखे और दबाव में संबंध बनाए गए।
मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार…
पीड़िता ने अपनी मां के सहयोग से 3 मार्च 2026 को थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया।
थानाधिकारी के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता ने बच्चे को दिया जन्म, परिवार ने किया इंकार...
सोमवार को पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया। परिवार का कहना है कि वे इस बच्चे को स्वीकार नहीं करेंगे और कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे आरोपी को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं।


