सोजत। शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विधायक श्रीमती शोभा चौहान को ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग की। ज्ञापन में चिकित्सा, यातायात, जनसुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
ज्ञापन में सोजत के राजकीय अस्पताल को 300 बेड में क्रमोन्नत करने तथा आयुष चिकित्सालय खोलने की मांग की गई, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही रात्रि के समय अनुबंधित एवं रोडवेज बसों द्वारा यात्रियों को हाईवे पर उतारने की बजाय सोजत शहर के बस स्टैंड तक सुरक्षित पहुंचाने की मांग भी रखी गई।
यातायात व्यवस्था को लेकर राजपोल गेट सहित अन्य चिन्हित स्थलों पर सुधार करने, बस स्टैंड के प्रतीक्षालय को स्वच्छ रखकर यात्रियों के बैठने की उचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए बसों का इंतजार करने वाली महिलाओं और बुजुर्गों के लिए छाया हेतु टेंट लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इसके अलावा एसबीआई बैंक के सामने स्थित वाचनालय में नियमित समाचार पत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए पुस्तकों एवं प्रोजेक्टर की व्यवस्था करने की मांग रखी गई। राजपोल गेट स्थित नगर पालिका की प्याऊ को भी सुचारू रूप से संचालित करने का मुद्दा उठाया गया।
विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा जिला पदाधिकारी राजेश तंवर, अभिनव कला मंच के सचिव चेतन व्यास, पूर्व पार्षद जोगेश जोशी, हेमंत सिंघवी, राजेन्द्र चौहान, मदन मोदी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


