सोजत। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोजत सिटी में जनगणना कार्य के सफल क्रियान्वयन को लेकर प्रथम चरण का सुपरवाइजर एवं प्रगणकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील जनगणना अधिकारी डॉ. दिलीप सिंह ने की।
इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स शैलेन्द्र सिंह एवं मोहम्मद रफीक ने प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों—डेटा संग्रहण प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों का संचालन, पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने—पर विशेष जोर दिया गया।
तहसील जनगणना अधिकारी ने बताया कि 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक आमजन को अधिक से अधिक स्व-जनगणना (Self Enumeration) के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) के माध्यम से लोगों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने हेतु जागरूक किया जाएगा।
प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को व्यवहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे फील्ड में कार्य को प्रभावी और सटीक रूप से संपादित कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को निर्देशित किया गया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी के अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें और जनगणना कार्य को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


