सोजत। तालुका विधिक सेवा समिति सोजत के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार गढ़वाल ने गुरुवार को उप कारागृह सोजत में स्थापित विधिक सहायता क्लिनिक का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण बंदियों को प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जारी एसओपी के तहत किया गया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने क्लिनिक में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विधिक सेवा समिति द्वारा संचालित क्लिनिक की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए बंदियों को न्यायिक प्रक्रिया में सहायता प्रदान करने के प्रयासों की सराहना की।
श्री गढ़वाल ने बंदियों से उनके प्रकरणों एवं अब तक काटी गई सजा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि जिन कैदियों ने अधिकतम सजा की अवधि का एक तिहाई हिस्सा पूरा कर लिया है, उनकी सूचना तत्काल न्यायालय या विधिक सेवा समिति को भेजी जाए।
उन्होंने किशोर बंदियों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि कोई भी बंदी कानूनी सहायता से वंचित न रहे।
इस अवसर पर जेलर धर्मपाल डूडी सहित दुलीचंद कुमावत एवं सांवल प्रभात व्यास भी उपस्थित रहे।


