सागर। बेटी की शादी की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात सिहोरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में शादी के कार्ड बांटने निकले पिता समेत दो लोगों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान देवी प्रसाद अहिरवार (45) निवासी सुभाष नगर, सागर के रूप में हुई है। उनकी बेटी की शादी 28 अप्रैल को तय थी और घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में देवी प्रसाद अपने साथी रामकुमार अहिरवार के साथ रिश्तेदारों को शादी के निमंत्रण पत्र देने सिहोरा गए थे।
देर रात सिहोरा से लौटते समय मंडी गेट के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को राहतगढ़ अस्पताल भिजवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पिकअप वाहन से टक्कर की आशंका, जांच जारी
परिजनों के अनुसार, हादसे में शामिल वाहन पिकअप बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद जिस घर में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


