सोजत। नेशनल हाईवे 162 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शहीद पेट्रोल पंप के पास एक कार और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार पाली से सोजत की ओर आ रही एक कार ने आगे चल रहे बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे उतरकर खड्डे में जा गिरे। कार में लगे एयरबैग खुल जाने से उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए।
सोजत थाने के ड्यूटी ऑफिसर सहायक उप निरीक्षक कानाराम सीरवी ने बताया कि घायल बाइक सवार की पहचान महावीर पुत्र बाबूलाल बंजारा निवासी बांरा (वर्तमान में हाउसिंग बोर्ड, पाली) के रूप में हुई है। हादसे में महावीर के मुंह और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल को सोजत जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

