पाली। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एएनटीएफ टीम ने बेहद फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने टोलकर्मी बनकर ऐसा जाल बिछाया कि तस्कर खुद ही फंस गए।
सूचना के आधार पर टीम को पता चला कि जोधपुर की तरफ से एक कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर कुछ लोग पाली की ओर आ रहे हैं। इस पर एएनटीएफ टीम बुधवार रात को रोहट क्षेत्र के गाजनगढ़ टोल नाके पर सादी वर्दी में पहुंची और तस्करों को पकड़ने के लिए टोलकर्मियों की ड्रेस पहनकर तैनात हो गई।
जैसे ही संदिग्ध कार टोल पर पहुंची, टीम ने चालाकी दिखाते हुए “टोल नहीं कटने” का बहाना बनाया और वाहन को साइड में रुकवाया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर कार की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 21.87 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी इसके बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद चारों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने एमडी और कार दोनों को जब्त कर लिया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने पाली के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े चार आरोपियों को पकड़ा है—
फरदीन उर्फ चीनू पुत्र फारुख (गरीब नवाज कॉलोनी, मंडिया रोड)
मोबिन खान उर्फ बंटी पुत्र चांद मोहम्मद
भरत कुमार पुत्र नारायणलाल (शिव नगर, मंडिया रोड)
कार्तिक पुत्र पीराराम (रामदेव रोड पुलिस चौकी के सामने)
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।


