सोजत। शहर के मोड़भट्टा स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने शनिवार सुबह एक कोयले की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखी कोयले की बोरियां तथा खाना बनाने का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि समय रहते गैस की टंकी दुकान के बाहर सुरक्षित स्थान पर होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार दुकान के बाहर सो रहे कर्मचारियों ने सुबह दुकान के अंदर से धुआं निकलता देखा। उन्होंने तुरंत शटर खोलकर देखा तो अंदर रखी कोयले की बोरियों में आग लगी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की संभावना जताई जा रही है।
दुकान में कार्यरत लोगों ने बताया कि वे रात के समय यहीं खाना बनाते हैं। भोजन तैयार करने के बाद गैस सिलेंडर और चूल्हे को दुकान के बाहर सुरक्षित स्थान पर रख दिया जाता है। इसी सतर्कता के चलते गैस टंकी आग की चपेट में नहीं आई और संभावित विस्फोट या बड़े नुकसान से बचाव हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने समय पर दमकल विभाग की कार्रवाई की सराहना की, जिससे आग को फैलने से रोक लिया गया।


