सोजत रोड। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत रोड में 31 वर्ष 8 माह की गौरवपूर्ण सेवाएं पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त अध्यापिका श्रीमती अनीता दवे के सम्मान में भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, समाज और जनप्रतिनिधियों ने उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा जगत की प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि धैर्य, सकारात्मक दृष्टिकोण, ऊर्जावान कार्यशैली और मानवीय संवेदनाओं के साथ शिक्षा की जो ज्योति श्रीमती अनीता दवे ने प्रज्ज्वलित की है, वह सदैव प्रेरणादायी रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक उस दीपक के समान होता है, जो स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को प्रकाशित करता है। अनीता दवे ने एक आदर्श अध्यापिका होने के साथ-साथ एक श्रेष्ठ इंसान के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है।
शिक्षाविद् डॉ. वासुदेव सांखला ने कहा कि श्रीमती दवे ने एक अनुशासित अध्यापिका के रूप में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया तथा अनेक महत्वपूर्ण अवसरों पर विद्यालय और विद्यार्थियों का उचित मार्गदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अर्चना चौहान ने कहा कि विद्यालय परिवार उनके समर्पण, अनुशासन और त्याग को कभी नहीं भूल पाएगा। वहीं अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी ने कहा कि शिक्षक समाज का सच्चा पथप्रदर्शक होता है और श्रीमती दवे ने इस भूमिका का उत्कृष्ट निर्वहन किया है।
अपने उद्बोधन में सेवानिवृत्त अध्यापिका श्रीमती अनीता दवे ने कहा कि 31 वर्ष 8 माह के सेवाकाल में उन्होंने पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ शिक्षा जगत की सेवा की। इस दौरान उन्हें सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं समाज का भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन मिला, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगी।
समारोह के दौरान श्रीमती अनीता दवे का प्रशस्ति पत्र, शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह एवं स्नेह भेंट देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा विद्यालय की छात्राओं के लिए भोजन-प्रसादी का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, जुगल किशोर निकुंम, एबीईईओ द्वितीय मो. रफीक, ललित दवे, कार्तिक व्यास, अक्षय व्यास, चेतन व्यास, हितेंद्र व्यास, वाइस प्रिंसिपल स्माइल खां, चंद्रशेखर व्यास, प्रभा शर्मा, शांतिलाल सैन, आशा लौहार, सीमा व्यास, आशा सिसोदिया, दिनेश, मनीष, राजेंद्र दवे, सुरेंद्र दवे, चंदन व्यास, रैनव व्यास, धीरेन्द्र, धर्मेंद्र, सुमित, सिमरन, मधु दवे, उषा, जनार्दन दवे, अशोक त्रिवेदी, जितेंद्र, लखन, हरीश, प्रशांत दवे, निकिता दवे, विक्रम कुमार, मृगांका सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


