सोजत। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के निर्देशानुसार एवं तालुका विधिक सेवा समिति, मारवाड़ जंक्शन के आदेशानुसार अधिकार मित्र रेखा व्यास द्वारा विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोपावास एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय फुलिया में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को स्किल डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर अपराध से बचाव, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता एवं लोक अदालत की प्रक्रिया तथा नवीन नालसा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मुन्नालाल अरोड़ा ने गुरु-शिष्य संबंधों पर आधारित प्रेरणादायी भजन प्रस्तुत कर सभी को एक-दूसरे का सम्मान करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल का विकास करने तथा जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
शिविर में विद्यालय के समस्त स्टाफ सहित सैकड़ों विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विधिक एवं सामाजिक विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कानूनी अधिकारों, डिजिटल सुरक्षा और कौशल विकास के प्रति जागरूक बनाना रहा।

