मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से बिना कोचिंग हासिल की शानदार सफलता, क्षेत्र में खुशी की लहर।
सोजत। बेटियां किसी से कम नहीं होतीं। यदि वे ठान लें तो हर मुश्किल को पार कर सफलता की नई मिसाल कायम कर सकती हैं। इसका प्रेरक उदाहरण सोजत की होनहार बेटी कुंमकुम गहलोत ने प्रस्तुत किया है। निबली नाड़ी, सोजत निवासी राजेंद्र गहलोत की पुत्री कुंमकुम ने NEET (UG) 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया जनरल रैंक 3954 प्राप्त कर परिवार, समाज और पूरे सोजत का नाम गौरवान्वित किया है।
कुंमकुम की सफलता की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। घर पर रहकर स्वाध्याय, अनुशासित दिनचर्या और लगातार कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और मेहनत से यह सिद्ध कर दिया कि सफलता के लिए लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सबसे महत्वपूर्ण होता है।
कुंकुम की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, माली समाज अध्यक्ष चंपालाल सांखला, बड़ा बास चौधरी एवं अभिनव कला मंच अध्यक्ष गोरधनलाल गहलोत, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, सचिव चेतन व्यास, माली समाज जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी, भारत विकास परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मोहनलाल टांक, भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर, रामलाल टांक, ओमप्रकाश टांक, ताराचंद गहलोत सहित सोजत की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने कुंमकुम और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


