मारवाड़ जंक्शन। तालुका विधिक सेवा समिति, मारवाड़ जंक्शन के आदेशानुसार अधिकार मित्र रेखा व्यास के नेतृत्व में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरनाडी एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुंडागिरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्किल डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर अपराध से बचाव, निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता, लोक अदालत की प्रक्रिया, नालसा की नवीन योजनाओं तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरनाडी के प्रधानाचार्य वोराराम पनुसा ने कहा कि “साइबर अपराध से बचाव ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। किसी भी अनजान व्यक्ति, संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लिंक पर भरोसा न करें और सतर्क रहें।”
वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुंडागिरी के प्रधानाध्यापक लक्ष्मण प्रजापत ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए समाज से आटा-साटा प्रथा जैसी कुप्रथाओं को त्यागने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त स्टाफ सहित सैकड़ों विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी से कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में विधिक साक्षरता का संदेश फैलाने का आह्वान किया गया।


