बगड़ी नगर। स्थानीय पुलिस थाना चंडावल नगर में युवा सी.एल.जी. (CLG) सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन द्वारा युवा सदस्यों को यातायात सुरक्षा, साइबर जागरूकता और बाल देखरेख से जुड़े अहम मुद्दों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
थाना प्रभारी गीता सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए सभी सदस्यों से स्वयं तथा अपने परिवार को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि चालान की कार्रवाई से बचने के बजाय अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सदैव हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। इसके साथ ही, उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को मोबाइल फोन की लत से दूर रखने की सलाह दी।
साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी ने किसी भी अनजान लिंक को शेयर या क्लिक न करने की हिदायत दी।
कार्यक्रम के दौरान जिला सोशल मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह खोखरा ने सुझाव दिया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खोखरा में इस प्रकार के जागरूकता सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया जाना चाहिए।
बैठक में मौजूद हेड कांस्टेबल चेना राम सिरवी ने उपस्थित सदस्यों को विस्तार से यातायात नियमों और साइबर ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला सोशल मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह खोखरा, राजेश सिंह गुर्जर, घनश्याम सहित क्षेत्र के अनेक युवा सी.एल.जी. सदस्य उपस्थित रहे।


