in

मां सेजल की महाआरती के साथ सोजत महोत्सव-2026 का हुआ भव्य शुभारंभ।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत सिटी। शहर के 973वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित सोजत महोत्सव-2026 का रविवार को नगर की अधिष्ठात्री देवी मां सेजल माता मंदिर में भव्य महाआरती के साथ शुभारंभ हुआ। मां सेजल की पूजा-अर्चना, जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर शहर की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। इस अवसर पर सोजत महोत्सव के बैनर का विमोचन कर शहर की गौरवशाली परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के उत्सव का आगाज किया गया।

प्राचीन परंपरा और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है सोजत…

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि भक्ति और शक्ति का संगम सनातन धर्म की प्राचीन परंपरा है। सोजत एक प्राचीन नगरी है, जिसका इतिहास गौरवशाली और संस्कृति समृद्ध रही है। नगर की अधिष्ठात्री देवी मां सेजल अपने भक्तों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। मां सेजल की महाआरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नगरपालिका सभापति प्रतिनिधि राजेश तंवर एवं सभापति कीर्ति तंवर ने नवरात्र के पावन अवसर पर नौ दिनों तक मां सेजल की विशेष आराधना को शहर के लिए सुखदायी बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सोजत की ऐतिहासिक पहचान को सशक्त बनाने के साथ समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं।

गुलाब के पुष्पों से सजा मां सेजल का दरबार…

महोत्सव के शुभारंभ पर महाआरती के लाभार्थी लखावत परिवार की ओर से सुश्री निधि अनोपसिंह लखावत ने विधि-विधान के साथ मां सेजल की पूजा-अर्चना की। मां को नवीन वस्त्र धारण करवाकर गुलाब के पुष्पों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। महादेव परिवार का भी आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाआरती में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। मां सेजल के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

भजनों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां…

महाआरती के पश्चात अतिथियों का बहुमान किया गया। दिनेश टाक एंड पार्टी ने भक्तिमय गीतों और मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं सेजल कन्याओं ने आकर्षक आतिशबाजी एवं भजनों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा, उल्लास और उत्साह का वातावरण बना रहा।

गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी…

इस अवसर पर सेजल माता मंदिर के पुजारी आनंद कश्यप, सेजल माता मंडल अध्यक्ष भीकाराम प्रजापत, नगरपालिका उपाध्यक्ष राकेश पंवार, सोजत महोत्सव समिति के मार्गदर्शक लालचंद मोयल, राजेश तंवर, पंकज त्रिवेदी, प्रफुल्ल ओझा, हीरालाल कांठेर, समिति अध्यक्ष एवं पार्षद जोगेश जोशी, सचिव चेतन व्यास, पुष्पत राज मुणोत, ताराचंद सैनी, श्यामलाल व्यास, चुन्नीलाल बोस, हितेंद्र व्यास, रामस्वरूप भटनागर, सुधीर दवे, रामावतार, राकेश देवड़ा, गोरधनलाल गहलोत, अशोक सैन, प्रकाश सोनी, भवानीशंकर जांगिड़, जवरीलाल बौराणा सहित पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सोजत महोत्सव-2026 के शुभारंभ के साथ ही शहर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव और स्थापना दिवस के उत्सव की रौनक दिखाई देने लगी है।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पाली में 51वीं श्री रामलीला का मंच पूजन, निर्माण कार्य शुरू

सोजत: महिला सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी, एडवोकेट मानवेन्द्र भाटी ने छात्राओं को बताए कानूनी अधिकार।