in

धमकी के बाद बुलेटप्रूफ केबिन में नजर आए अमिताभ बच्चन, निभाई 44 साल पुरानी परंपरा।

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने बम से उड़ाने की धमकी के बाद भी अपने प्रशंसकों से मिलने की 44 साल पुरानी परंपरा को कायम रखा। रविवार, 1 नवंबर को मुंबई स्थित अपने बंगले जलसा के बाहर प्रशंसकों से मिलने पहुंचे अमिताभ बच्चन इस बार बुलेटप्रूफ कांच के केबिन के अंदर नजर आए। उन्होंने केबिन के भीतर से ही प्रशंसकों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया और नमस्कार करते हुए उनका अभिवादन स्वीकार किया।

हाल ही में अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। बंगले के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रविवार को प्रशंसकों से मिलने के दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर तैनात रहे। सुरक्षा कारणों के चलते अमिताभ बच्चन इस बार बुलेटप्रूफ कांच के केबिन के भीतर से ही प्रशंसकों से रूबरू हुए।

पिता के साथ नजर आए अभिषेक बच्चन…

अमिताभ बच्चन के रविवार को प्रशंसकों से मिलने के दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी साथ नजर आए। आमतौर पर अमिताभ बच्चन अकेले ही बंगले के बाहर आकर अपने प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं, लेकिन हालिया धमकी के बाद अभिषेक बच्चन का उनके साथ मौजूद रहना भी चर्चा का विषय रहा।

अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने ब्लॉग में बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद उन्होंने प्रशंसकों से मिलने की अपनी परंपरा को नहीं तोड़ा। उनके इस कदम से प्रशंसकों के प्रति उनका जुड़ाव एक बार फिर देखने को मिला।

1982 में शुरू हुई थी परंपरा…

अमिताभ बच्चन के प्रशंसकों से मिलने की इस परंपरा की शुरुआत वर्ष 1982 में हुई थी। फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद अमिताभ बच्चन जब स्वस्थ होकर घर लौटे, तो उनकी एक झलक पाने और स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक उनके बंगले के बाहर एकत्रित हुए थे।

प्रशंसकों के इसी अपार स्नेह और प्रेम से अभिभूत होकर अमिताभ बच्चन ने प्रत्येक रविवार को अपने घर के बाहर आकर उनसे मिलने का सिलसिला शुरू किया। समय के साथ यह परंपरा उनकी पहचान बन गई। कोविड काल के दौरान यह सिलसिला कुछ समय के लिए बंद रहा, लेकिन बाद में फिर शुरू हो गया।

आज 44 वर्षों से जारी यह परंपरा अमिताभ बच्चन और उनके प्रशंसकों के बीच गहरे भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बन चुकी है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच रविवार को भी प्रशंसकों से उनका मिलना इसी अटूट रिश्ते की झलक पेश करता नजर आया।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खोखरा ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच महावीर सिंह चारण ने कार्यभार संभाला 

रवि पुष्य नक्षत्र पर 140 बच्चों को कराया स्वर्ण प्राशन