in

रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया सोजत, दीपावली की रौनक देखने उमड़ा शहर,गणमान्यजनो ने दी बधाई।

अकरम खान की रिपोर्ट।

राजपोल गेट से जैतारणिया गेट और चांदपोल गेट तक आकर्षक विद्युत सजावट, बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, खरीदारी के साथ रोशनी के बीच सेल्फी लेते नजर आए शहरवासी।

 

 

सोजत सिटी। दीपावली के पावन पर्व के स्वागत में सोजत शहर दुल्हन की तरह सजकर तैयार हो गया है। इस वर्ष दीपावली पर शहर में की गई आकर्षक विद्युत सजावट ने उत्सव की रौनक को चार चांद लगा दिए हैं। ट्रोमा सेंटर भवन से लेकर ऐतिहासिक राजपोल गेट, मुख्य बाजार, जैतारणिया गेट, आड़ा बाजार, पूर्व पुलिस थाना मार्ग होते हुए चांदपोल गेट तक रंग-बिरंगी चमचमाती रोशनी से पूरा शहर जगमगा उठा है।

शहर के ऐतिहासिक प्रवेश द्वारों और प्रमुख बाजारों में की गई आकर्षक लाइटिंग लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। शाम ढलते ही रोशनी से नहाए बाजारों का नजारा देखते ही बन रहा है। दीपावली की खरीदारी के लिए बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। मिठाइयों, कपड़ों, आभूषणों, सजावटी सामान, दीपक, पूजन सामग्री और आतिशबाजी की दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल बनी हुई है। सजे-धजे बाजारों में परिवार सहित पहुंचे शहरवासी खरीदारी के साथ दीपावली के उल्लास का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।

राजपोल गेट बना आकर्षण का केंद्र, सेल्फी लेने की मची होड़…

इस बार राजपोल गेट के बाहर की गई विशेष विद्युत सजावट शहरवासियों के लिए आकर्षक सेल्फी पॉइंट बन गई है। युवा, बच्चे और परिवारजन यहां रोशनी के बीच तस्वीरें खिंचवाते और यादगार पलों को कैमरे में कैद करते नजर आ रहे हैं। ऐतिहासिक राजपोल गेट की खूबसूरती और आधुनिक रंग-बिरंगी लाइटिंग का संगम शहर की सुंदरता को नया रूप दे रहा है।

पालिका अध्यक्ष की पहल की शहरवासियों ने की सराहना…

नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर एवं नगरपालिका प्रशासन की इस आकर्षक पहल की शहरभर में सराहना हो रही है। शहरवासियों का कहना है कि इस बार की गई विद्युत सजावट ने दीपावली के उत्सव को और भी खास बना दिया है तथा ऐतिहासिक सोजत की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं।

दीपावली पर सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को लेकर पालिका अध्यक्ष अलर्ट…

दीपावली पर्व को देखते हुए पालिका अध्यक्ष कीर्ति राजेश तंवर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अग्निशमन दस्ते को अलर्ट मोड पर रहने तथा आतिशबाजी के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।

वहीं आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के लिए राजकीय चिकित्सालय में विशेष बर्न यूनिट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में पीएमओ डॉ. राजेश गुप्ता को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही दीपावली के दौरान शहर में दिनभर बार-बार सफाई करवाकर बाजारों एवं प्रमुख मार्गों को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों ने दी दीपावली की शुभकामनाएं…

दीपावली की पूर्व संध्या पर पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर, उपाध्यक्ष राकेश पंवार, समाजसेवी अनोपसिंह लखावत, प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर, लालचंद मोयल, सोजत नगर कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण टांक, महेन्द्र पालरिया, मनीष पालरिया, पुष्पतराज मुणोत, सोजत महोत्सव समिति अध्यक्ष जोगेश जोशी, सचिव चेतन व्यास, गोरधनलाल गेहलोत एवं ताराचंद सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने समस्त शहरवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस बार सोजत की दीपावली केवल घरों और प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरा शहर रोशनी के उत्सव में सराबोर नजर आ रहा है। जगमगाते ऐतिहासिक द्वार, सजे-धजे बाजार, खरीदारी करती भीड़ और खुशियों से दमकते चेहरों ने सोजत की दीपावली को यादगार बना दिया है।

 

फोटो सौजन्य-सोजत बज़

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कर लौटे व्यास दंपति का किया अभिनंदन।