in

पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे को मिला समाज रत्न सम्मान।

पुष्कर/सोजत। सोजत के विकास पुरुष के रूप में पहचान रखने वाले राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे को अखिल भारतीय श्रीमाली ब्राह्मण समाज संस्था, पुष्कर की ओर से प्रतिष्ठित ‘समाज रत्न पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। दवे को मिले इस सम्मान की सूचना मिलते ही सोजत शहर सहित भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने इसे सोजत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए हर्ष व्यक्त किया।

अखिल भारतीय श्रीमाली ब्राह्मण समाज संस्था, पुष्कर की ओर से कार्तिक मास में आयोजित पंचतिथि मेले के तीसरे दिन धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की धूम रही। इस अवसर पर समाज की आराध्य मां महालक्ष्मी एवं भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। साथ ही आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 150 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसी समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे को समाज एंव क्षेत्र के प्रति उनके योगदान एवं विशिष्ट उपलब्धियों के लिए समाज रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह में राजस्थान लोक सेवा आयोग की सचिव ऋषि बाला श्रीमाली, विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली, प्रदेश अध्यक्ष चिरंजी लाल दवे, पूर्व अध्यक्ष भीकालाल बोहरा, शांतिलाल ओझा, महेंद्र दवे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

इस उपलब्धि पर सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति तंवर, उपाध्यक्ष राकेश पंवार, प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर, प्रफुल्ल ओझा सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं भाजपा पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दवे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वहीं, प्रचार-प्रसार सचिव नरेंद्र राज बोहरा ने बताया कि मेले के दौरान शाम को महालक्ष्मी मंदिर में छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई गई। युवा अध्यक्ष आकाश ओझा के अनुसार रात्रि में रातिजोगा का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने धार्मिक गीतों की प्रस्तुतियां दीं।

पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने सम्मान के लिए समाज संस्था का आभार व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनंत अंबानी की पहल पर असम से विशेष विमान द्वारा जामनगर पहुंचा 7 सप्ताह का घायल हाथी का बच्चा राजा, वनतारा में होगा उपचार।