सोजत। महान समाज सुधारक, विचारक, शिक्षाविद् एवं सत्यशोधक समाज के संस्थापक महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि माली समाज की ओर से श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर माली समाज भवन में स्थापित फुले दंपति की प्रतिमा, ज्योतिबा फुले गार्डन स्थित आदमकद प्रतिमा तथा महात्मा ज्योतिबा फुले पुस्तकालय में माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ माली समाज के आराध्य देव संत शिरोमणि श्री श्री 1008 श्री लिखमीदास जी महाराज की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समाज के चौधरी गोरधनलाल गहलोत, देवीलाल सांखला, गणपतसिंह पालरिया, ताराचंद सैनी, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर, पार्षद राकेश देवड़ा, कोषाध्यक्ष कानाराम परिहार सहित पंचगण एवं समाजबंधुओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर समाज के चौधरी एवं जिला अध्यक्ष ताराचंद टांक (सैनी) ने भारत सरकार से महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्रीबाई फुले को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक कुरीतियों, जातिगत भेदभाव और अशिक्षा के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज में समानता एवं शिक्षा की अलख जगाई। उनके आदर्शों और समाजसेवा के कार्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
चौधरी देवीलाल सांखला ने समाज में शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू एवं प्रभावी रूप से संचालित करने पर जोर दिया। वहीं पार्षद एवं समाजसेवी राकेश देवड़ा ने समाज के प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को सरकारी नौकरियों, आर्थिक उन्नति एवं व्यापारिक क्षेत्र में सफलता के लिए समय-समय पर मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया। कोषाध्यक्ष एवं समाजसेवी कानाराम परिहार ने कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। इसलिए प्रत्येक परिवार को शिक्षा के प्रति जागरूक होना चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में महात्मा ज्योतिबा फुले पुस्तकालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी के विद्यार्थी जवरीलाल तंवर, महेंद्र गहलोत, अशोक गहलोत, नितेश पालरिया, विक्रम सांखला, युवराज पालरिया, महावीर परिहार, जतिन परिहार सहित महिला शक्ति एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के शैक्षणिक उत्थान, युवाओं के मार्गदर्शन एवं महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।


