बाड़मेर। शहर के शास्त्री नगर इलाके में रहने वाले युवक कल्याण सिंह पुत्र जगदीश ने शनिवार दोपहर एक बार फिर जलदाय विभाग की पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। युवक अपने साथ पेट्रोल की बोतल और तिरंगा लेकर पहुंचा और “प्रशासन होश में आओ, भारत माता की जय” के नारे लगाते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगा। यह घटना विधायक प्रियंका चौधरी के आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।
चार घंटे तक चला ड्रामा, भाजपा नेता के आश्वासन पर उतरा
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस, आरएसी, सिविल डिफेंस, तहसीलदार और दो फायर बिग्रेड गाड़ियां पहुंचीं। करीब चार घंटे तक प्रशासन युवक को समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह नहीं माना। शाम करीब साढ़े सात बजे भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक से बात कर आश्वासन दिया, जिसके बाद वह नीचे उतर आया।
पांच दिन में दूसरी बार चढ़ा टंकी पर
गौरतलब है कि इससे पहले भी 11 अगस्त को कल्याण सिंह इन्हीं मांगों को लेकर टंकी पर चढ़ा था। तब भी भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा के समझाने पर वह उतरा था।
युवक के आरोप
कल्याण सिंह का कहना है कि पिछले छह महीने से वह अपनी समस्या को लेकर कलेक्टर, विधायक और नगर परिषद के चक्कर काट रहा है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उसके घर के बाहर अतिक्रमण के कारण रास्ता बंद है। गंदा पानी जमा हो जाता है, निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। बारिश के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं।
नगर परिषद की खानापूर्ति
युवक के टंकी पर चढ़ने के बाद नगर परिषद की टीम शास्त्री नगर पहुंची। यहां गंदे पानी के भराव पर रेत डाली गई और थोड़ी सफाई की गई। हालांकि असली समस्या अब भी जस की तस है। बताया गया कि 20 फीट चौड़ा रास्ता अतिक्रमण कर लोगों ने 10 फीट कर दिया है और अंत में पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे पानी निकासी की व्यवस्था ठप पड़ी हुई है।
अब तक केवल आश्वासन
पिछली बार की तरह इस बार भी प्रशासन और नेताओं की ओर से अतिक्रमण हटाने व निकासी की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


