पाली जिले के खिंवाड़ा में सोमवार सुबह बाजार क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आखरिया चौक स्थित एक मकान के बाहर लगा मधुमक्खियों का पुराना छत्ता अचानक टूट गया। छत्ता टूटते ही हजारों मधुमक्खियों ने राहगीरों पर हमला कर दिया। लोगों में भगदड़ मच गई।
हमले में खिंवाड़ा थाना के कॉन्स्टेबल हरलाल सिंह (45), अंजली (15), लखन (26), अर्जुन (28) और मुकेश (24) मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। अचानक हुए हमले में सभी लोग बचने के लिए इधर-उधर भागते रहे, लेकिन मधुमक्खियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।
घायलों को तुरंत खिंवाड़ा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कॉन्स्टेबल हरलाल सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल रेफर किया गया। अन्य चार घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मकान मालिक को छत्ता हटाने और सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की सलाह दी है।

