पाली जिले के फालना थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम फालना–बाली रोड पर पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हो गई।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने एक स्कॉर्पियो पर सरिया, कुल्हाड़ी और लट्ट से हमला कर जमकर तोड़फोड़ कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फालना थाने के SHO विक्रम सिंह सांधू के अनुसार, खुडाला निवासी गणपत चौधरी ने रिपोर्ट में बताया कि 7 दिसंबर की सुबह फालना स्टेशन से लौटते समय एक काली स्कॉर्पियो उसकी स्कूटी से टकरा गई थी। वाहन में सवार कुशल पुत्र वागाराम, डुंगाराम पुत्र पनाराम व दो अन्य लोगों ने उस पर सरिये और लकड़ी से हमला किया। भीड़ इकट्ठी होने पर आरोपी भाग गए थे और जाते-जाते गणपत को धमकी भी दी थी, जिससे वह डर के चलते रिपोर्ट दर्ज नहीं करवा सका।
दुबारा पहुंचे 8–10 लोग, गाड़ियां चढ़ाकर की तोड़फोड़
रिपोर्ट में बताया गया कि 10 दिसंबर की शाम गणपत अजयपुरी में अपनी स्कॉर्पियो के पास खड़ा था। उसी दौरान स्कॉर्पियो, बोलोरो, कैम्पर और एक कार में सवार कुशल, डुंगाराम, रमेश पुत्र भुराराम, बाबूलाल बिलिया, मांगीलाल चौधरी (कोट) सहित 8–10 लोग वहां पहुंचे।
कुशल ने उतरते ही कहा कि 7 दिसंबर की टक्कर से उसकी स्कॉर्पियो को नुकसान हुआ है और उसके पैसे देने की मांग की। इस पर कहासुनी बढ़ी तो आरोपियों ने गणपत की स्कॉर्पियो को अपनी स्कॉर्पियो, बोलोरो और कैम्पर से जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद सरिया, कुल्हाड़ी और लट्ट से गाड़ी पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
हमले से घबराए गणपत ने वहां से भागकर जान बचाई।
CCTV खंगाले जा रहे, पुलिस जुटी जांच में..
पुलिस ने पीड़ित गणपत की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और वाहन नंबरों की पुष्टि की जा सके।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


