in

पाली में पुलिस का खेल महाकुंभ: 44वीं अंतर जिला पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता 26 से

पाली। सुरक्षा और कानून व्यवस्था संभालने में हमेशा मुस्तैद रहने वाले पुलिसकर्मी अब खेल मैदान में अपना दमखम दिखाते नजर आएंगे। पाली में 26 से 28 फरवरी तक 44वीं अंतर जिला (रेंज स्तरीय) पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता–2026 का आयोजन होने जा रहा है। इसको लेकर पाली पुलिस तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। पुलिस लाइन मैदान की साफ-सफाई का कार्य जारी है और प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

महिला अनुसंधान सेल के प्रभारी ASP नरेन्द्रसिंह देवड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता में जोधपुर संभाग की कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही, जोधपुर आयुक्तालय, जीआरपी जोधपुर, राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर और राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग स्कूल सहित विभिन्न इकाइयों की टीमें शामिल होंगी। प्रतियोगिता में करीब 500 खिलाड़ी भाग लेंगे।

पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं…

पुरुष वर्ग में कबड्डी, हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल, कुश्ती, राइफल शूटिंग, वूशू, बॉडी बिल्डिंग, वॉलीबॉल और ताइक्वांडो प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही राइफल, रिवॉल्वर और पिस्टल शूटिंग तथा विभिन्न श्रेणियों में दौड़ प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं।

महिला वर्ग में ये मुकाबले…

महिला वर्ग में वूशू, कबड्डी, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, तीरंदाजी और ताइक्वांडो प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें महिला पुलिसकर्मी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

परिवारों के लिए भी खास आयोजन…

प्रतियोगिता को उत्सवमय बनाने के लिए पुलिसकर्मियों के परिवारों हेतु भी विशेष प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। इनमें मेहंदी, म्यूजिकल चेयर, रंगोली, मांडना, जलेबी दौड़ और बोरी रेस जैसी रोचक स्पर्धाएं शामिल हैं, जिनमें परिवारजन भाग ले सकेंगे।

ASP देवड़ा ने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने और खेल मैदानों की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों और टीमों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

पाली में होने जा रहा यह खेल महाकुंभ पुलिस बल की फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना का अनूठा संगम साबित होगा।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सादगी में रची मिसाल: अलवर में दो IAS अधिकारियों ने की रजिस्ट्री मैरिज।